फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 21 सितम्बर 2025 जनपद पुलिस ने रविवार 21 सितम्बर 2025 को सट्टा माफिया एवं गैंग लीडर हसनैन की अवैध सम्पत्ति पर बड़ी कार्रवाई करते हुए उसे कुर्क कर दिया। यह कार्रवाई गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के अंतर्गत की गई। कुर्क की गई सम्पत्ति की कुल कीमत करीब 2.40 करोड़ रुपये आंकी गई है।
यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन आलोक सिंह के निर्देशन, पुलिस उप महानिरीक्षक कानपुर रेंज हरीश चन्द्र के पर्यवेक्षण तथा पुलिस अधीक्षक आरती सिंह के मार्गदर्शन में की गई। मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय सिंह और नगर क्षेत्राधिकारी ऐश्वर्या उपाध्याय के नेतृत्व में तहसीलदार सदर शनि कनौजिया मय राजस्व टीम व पुलिस बल मौजूद रहा।
कार्रवाई का विवरण
गैंगस्टर हसनैन पुत्र जुम्मन खाँ निवासी मोहल्ला खटकपुरा सिद्दीकी, कोतवाली फर्रुखाबाद के विरुद्ध मु.अ.सं. 283/2023 धारा 3(1) गैंगस्टर एक्ट पंजीकृत है। जिला मजिस्ट्रेट फर्रुखाबाद ने अपने आदेश वाद सं. 11/2025 दिनांक 15 सितम्बर 2025 के तहत हसनैन एवं उसके परिजनों के नाम पंजीकृत अवैध सम्पत्ति को कुर्क करने का आदेश पारित किया था।
आदेश के अनुपालन में टीम ने मोहल्ला गणेश प्रसाद स्ट्रीट, परगना पहाड़ा, फर्रुखाबाद स्थित एक आवासीय व व्यावसायिक भवन को कुर्क किया। इस सम्पत्ति का बाजार मूल्यांकन 2,40,00,000/- रुपये किया गया। मौके पर डुगडुगी पिटवाकर कुर्की आदेश की उद्घोषणा की गई, नोटिस चस्पा किए गए और सम्पत्ति को सील कर दिया गया।
अब तक 23.68 करोड़ की सम्पत्ति कुर्क
पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार गैंग लीडर हसनैन द्वारा आपराधिक गतिविधियों से अर्जित चल-अचल सम्पत्तियों की अब तक कुल 23,68,96,255 रुपये की कुर्की की जा चुकी है।
कुर्की में लगा पुलिस बल
थाना मऊदरवाजा से – थानाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह, का० सौरभ, का० नफीस, का० गौरव सिंह, म0हे0का0 मंजू कुमारी।
कोतवाली फर्रुखाबाद से – प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार पाण्डेय मय हमराह पुलिस बल।
इस कार्रवाई से पुलिस ने एक बार फिर साफ कर दिया कि अपराध एवं अपराधियों पर शिकंजा कसना उसकी प्राथमिकता है।
