फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 19 सितंबर 2025 पुलिस अधीक्षक आरती सिंह एवं अपर पुलिस अधीक्षक डॉ संजय सिंह ने शुक्रवार को कोतवाली फतेहगढ़ क्षेत्र में स्थानीय पुलिस बल के साथ पैदल गश्त की। इस दौरान उन्होंने आगामी त्योहारों को शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश अधिकारियों व कर्मचारियों को दिए।
आमजन को किया आश्वस्त
पैदल गश्त के दौरान पुलिस अधीक्षक ने स्थानीय नागरिकों से संवाद स्थापित कर उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन आमजन की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं ताकि लोग भयमुक्त माहौल में त्योहार मना सकें।
त्योहारों पर कड़ी निगरानी
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि आगामी नवरात्र, दशहरा एवं अन्य पर्वों के दृष्टिगत पुलिस की गश्त व सतर्कता और बढ़ा दी गई है। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी तथा कानून व्यवस्था बिगाड़ने की किसी भी कोशिश पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पैदल गश्त में शामिल पुलिस अधिकारियों व जवानों ने क्षेत्र का जायजा लिया और जनता से सहयोग बनाए रखने की अपील की।
