फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 18 सितंबर 2025 डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों से निपटने और पुलिसकर्मियों को आधुनिक तकनीकों से सशक्त बनाने के उद्देश्य से आज फतेहगढ़ में एक विशेष साइबर सुरक्षा कार्यशाला आयोजित की गई।
यह कार्यशाला पुलिस अधीक्षक आरती सिंह के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुई। कार्यक्रम का नेतृत्व अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय सिंह ने किया।
कार्यशाला में प्रतिष्ठित साइबर विशेषज्ञ श्री रक्षित टंडन ने मुख्य वक्ता के रूप में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को साइबर अपराधों के नवीनतम स्वरूप, डिजिटल साक्ष्य एकत्र करने की तकनीक, ऑनलाइन जांच उपकरणों, साइबर कानूनों, सोशल मीडिया सुरक्षा, ऑनलाइन धोखाधड़ी की पहचान, डेटा प्रोटेक्शन कानूनों तथा जनता को जागरूक करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी।
श्री टंडन ने विभिन्न उदाहरणों और केस स्टडी के माध्यम से यह समझाया कि किस प्रकार पुलिस बल डिजिटल साक्ष्य के फोरेंसिक विश्लेषण और नवीनतम जांच पद्धतियों का उपयोग कर अपराधियों तक शीघ्र पहुँच सकता है।
जनपद फतेहगढ़ के सभी थाना प्रभारियों व पुलिस कर्मियों ने इस कार्यशाला में सक्रिय भागीदारी की। इससे पुलिस बल और साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों के बीच सहयोग का एक मजबूत उदाहरण प्रस्तुत हुआ।
कार्यक्रम के अंत में अपर पुलिस अधीक्षक फतेहगढ़ ने साइबर विशेषज्ञ श्री रक्षित टंडन को सम्मानित करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
यह कार्यशाला पुलिस बल को डिजिटल अपराधों से मुकाबला करने के लिए आवश्यक ज्ञान और तकनीकी दक्षता प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हुई है।
