फर्रुखाबाद में किसान दिवस का आयोजन, किसानों को मिली योजनाओं की जानकारी

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 17 सितम्बर 25 विकास भवन सभागार में बुधवार को मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में किसान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कृषि, उद्यान, पशुपालन, सहकारिता, विद्युत, सिंचाई, बैंकिंग एवं अन्य विभागों के अधिकारियों ने किसानों को नवीन योजनाओं, सुविधाओं और तकनीकी जानकारी से अवगत कराया।

किसानों का स्वागत एवं समस्याओं का समाधान

कार्यक्रम का शुभारंभ उप कृषि निदेशक श्री अरविन्द मोहन मिश्र ने किसानों का स्वागत कर किया। उन्होंने पिछली किसान दिवस में आई शिकायतों के निस्तारण की जानकारी दी। साथ ही बताया कि तोरिया/राई/सरसों की बुआई हेतु इच्छुक किसान विभागीय पोर्टल agridarshan.up.gov.in या जन सेवा केंद्र के माध्यम से ऑनलाइन बुकिंग कर ई-लॉटरी से निःशुल्क मिनीकिट प्राप्त कर सकते हैं।

उर्वरक और मृदा परीक्षण की जानकारी

जिला कृषि अधिकारी श्री बी.के. सिंह ने बताया कि जनपद में उर्वरक की कोई कमी नहीं है और वर्तमान में 12 रैकें उपलब्ध हैं। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे उर्वरकों का प्रयोग मृदा परीक्षण रिपोर्ट के आधार पर ही करें और पी.एस.बी. कल्चर व हरी खादों का भी प्रयोग अवश्य करें।

आलू बीज उत्पादन हेतु पंजीकरण

जिला उद्यान अधिकारी श्री राघवेन्द्र सिंह ने किसानों को आलू के फाउंडेशन बीज (एफ-1) के लिए पंजीकरण कराने की अपील की। पंजीकरण के लिए किसान को आधार कार्ड, खतौनी, बैंक खाता और आधार रजिस्टर्ड मोबाइल प्रस्तुत करना अनिवार्य है। आलू बीज उत्पादन में रुचि रखने वाले किसान उ.प्र. बीज विकास निगम से पंजीकरण कर लाभ उठा सकते हैं।

तंबाकू प्रतिस्थापन व सहकारिता अभियान

डा. सत्येन्द्र प्रताप सिंह, जिला समन्वयक यू.पी. डास्प ने तंबाकू प्रतिस्थापन हेतु 10 हैक्टेयर का क्लस्टर गठन योजना के बारे में बताया। इच्छुक किसान विभाग से संपर्क कर पंजीकरण करा सकते हैं।

सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता श्री अजय पालीवाल ने जानकारी दी कि सहकारी समितियों पर सदस्यता अभियान 12 सितम्बर से 12 अक्टूबर तक चल रहा है। इसमें किसानों को सदस्य बनकर योजनाओं का लाभ लेने की अपील की गई।

कार्यक्रम का समापन

अंत में उप कृषि निदेशक ने सभी किसानों, किसान संगठनों एवं अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए किसान दिवस का समापन किया।