टीम इंडिया को आखिरकार अपना नया जर्सी स्पॉन्सर मिल गया है। Dream11 के करार खत्म होने के बाद भारतीय क्रिकेट टीम बिना स्पॉन्सर के खेल रही थी, लेकिन अब यह खाली जगह अपोलो टायर्स ने भर दी है। बीसीसीआई ने हाल ही में नए स्पॉन्सर के लिए आवेदन मांगे थे और कई बड़ी कंपनियों की रेस के बीच Apollo Tyres ने बाजी मार ली।
अपोलो टायर्स देगा ज्यादा रकम
ड्रीम-11 बीसीसीआई को प्रति मैच 4 करोड़ रुपये देता था, लेकिन Apollo Tyres ने इससे ज्यादा ऑफर किया है। नए करार के मुताबिक, कंपनी प्रति मैच 4.5 करोड़ रुपये देगी। यह समझौता साल 2027 तक लागू रहेगा।
जर्सी पर दिखेगा नया नाम
अब भारतीय टीम की जर्सी पर ‘इंडिया ’ के ठीक नीचे Apollo Tyres लिखा दिखाई देगा, जैसे पहले ड्रीम-11 का नाम दिखता था। इस साझेदारी से टीम इंडिया को तो आर्थिक फायदा होगा ही, साथ ही अपोलो टायर्स की ब्रांड वैल्यू भी बढ़ने की उम्मीद है।
एशिया कप में बिना स्पॉन्सर खेच रही टीम
इस समय टीम इंडिया एशिया कप खेल रही है। टूर्नामेंट में अब तक उसने दो मैच खेले और दोनों में जीत दर्ज की। हालांकि, इन मुकाबलों में टीम की जर्सी पर कोई स्पॉन्सर नहीं था क्योंकि ड्रीम-11 का करार अचानक खत्म हो गया था और नए स्पॉन्सर की घोषणा समय पर नहीं हो सकी थी। लेकिन अब यह इंतजार खत्म हो गया है और टीम इंडिया नई जर्सी के साथ मैदान में उतरेगी।
