फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 14 सितंबर 2025 थाना कम्पिल पुलिस ने दहेज हत्या के एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक फतेहगढ़ श्रीमती आरती सिंह के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे अपराधियों के खिलाफ अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना कम्पिल क्षेत्र के ग्राम कुंवरपुर खास निवासी अंकुर शुक्ला पुत्र अनूप शुक्ला को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ थाना कम्पिल पर मु0अ0सं0 151/2025 धारा 115(2)/85/80(2) बीएनएस व 3/4 डी0पी0 एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज था।
मामला क्या है
दिनांक 13 सितंबर 2025 को वादी ने थाना कम्पिल पर तहरीर दी थी कि उसकी पुत्री से अभियुक्तगण ने मारपीट कर अतिरिक्त दहेज के रूप में एक मोटरसाइकिल और एक लाख रुपये की मांग की। मांग पूरी न होने पर दिनांक 09 सितंबर 2025 को वादी की पुत्री ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस गंभीर सूचना पर थाना कम्पिल पुलिस ने अभियुक्त अंकुर शुक्ला सहित दो नामजद के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की थी।
अभियुक्त का बयान
गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में अभियुक्त अंकुर शुक्ला ने अपने ऊपर लगे आरोपों से इनकार किया और बताया कि वह अपने बयान वकील के माध्यम से माननीय न्यायालय में प्रस्तुत करेगा।
पुलिस टीम
अभियुक्त की गिरफ्तारी में थाना कम्पिल पुलिस टीम के थानाध्यक्ष श्री कपिल कुमार, उपनिरीक्षक श्री प्रेमपाल सिंह व आरक्षी धर्मेन्द्र की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने बताया कि अभियुक्त के खिलाफ विधिक कार्यवाही की जा रही है और मामले की विवेचना जारी है।
