फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 14 सितंबर 2025 नेकपुर नारायणपुर में एचपी गैस एजेंसी के पास एक गोवंश की पूछ कट जाने और घाव में कीड़े लग जाने से स्थिति गंभीर हो गई। घायल गोवंश दर्द से बुरी तरह बिलबिला रहा था। स्थानीय लोगों ने तत्काल गौ रक्षक जिला अध्यक्ष अंकित माथुर को सूचना दी। अंकित माथुर ने घटना की जानकारी मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी (CVO) को दी, लेकिन करीब दो घंटे तक कोई भी डॉक्टर मौके पर नहीं पहुंचा। इसके बाद उन्होंने मंडल मीडिया प्रभारी राहुल राठौर को सूचित किया।
राहुल राठौर ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी से तुरंत हस्तक्षेप की मांग की और स्पष्ट कहा कि 20 मिनट के अंदर घायल पशु का इलाज होना चाहिए। इसके बाद बढ़पुर से डॉ. मनोज शर्मा केवल 10 मिनट में मौके पर पहुंचे और घायल गोवंश का प्राथमिक उपचार किया। डॉ. मनोज शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि घायल गोवंश का आगे का इलाज कल भी जारी रहेगा। इस पूरे मामले ने पशु चिकित्सा विभाग की लापरवाही को उजागर कर दिया, लेकिन समय रहते कार्यकर्ताओं की तत्परता और डॉक्टर के प्रयास से गोवंश की जान बचाई जा सकी।
