फर्रुखाबाद:एशिया कप भारत-पाकिस्तान मैच पर सपा नेता का विरोध, सरकार पर साधा निशाना

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 14 सितंबर 2025 एशिया कप के तहत आज रविवार को भारत और पाकिस्तान के बीच खेले जाने वाले क्रिकेट मैच को लेकर सियासत तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के जिला सचिव नन्दकिशोर दुबे वन्देमातरम ने इस मैच पर कड़ा विरोध दर्ज कराते हुए केंद्र सरकार पर सीधा हमला बोला है।

उन्होंने कहा कि “जब खून और पानी एक साथ नहीं बह सकता, तो क्रिकेट मैच कैसे खेला जा सकता है? पाकिस्तान एक आतंकी देश है जो वर्षों से आतंकवाद फैला रहा है। ऐसे में भारत सरकार का उसके साथ खेल आयोजन करना देश की भावनाओं का अपमान है।” नन्दकिशोर दुबे ने आगे कहा कि ओलंपिक जैसे बड़े आयोजनों का भी बहिष्कार दुनिया के कई देशों ने किया था। “रूस में आयोजन हुआ तो अमेरिका समेत कई देशों ने उसका विरोध किया था। आज जब पहलगाम हमले में शहीद हुए 26 लोगों के परिजन इस मैच का विरोध कर रहे हैं, तब सरकार क्यों पाकिस्तान के साथ क्रिकेट खेलवा रही है?”

उन्होंने सवाल उठाया कि देशभक्ति का दावा करने वाले नेताओं की आवाज़ अब क्यों खामोश है। “यह सरकार सिर्फ दिखावटी राष्ट्रवाद करती है, लेकिन जब देश की भावनाओं को मान देने की बात आती है, तो पीछे हट जाती है।” वहीं, राजनीतिक गलियारों में इस बयान को लेकर आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी शुरू हो गया है। विपक्षी दल सरकार पर “राष्ट्रवाद के नाम पर दोहरा रवैया” अपनाने का आरोप लगा रहे हैं, जबकि सत्ताधारी दल के नेता इसे “खेल को राजनीति से जोड़ने का प्रयास” बता रहे हैं। भारत-पाकिस्तान मैच हमेशा से ही दोनों देशों में जोश और विवाद का केंद्र रहा है। इस बार भी मैदान के बाहर सियासी पारा क्रिकेट से ज्यादा गर्म दिखाई दे रहा है।