फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 13 सितम्बर 2025 कायमगंज विधानसभा क्षेत्र के ग्राम जोगपुर, कम्पिल में नाबालिग बच्ची के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म, ब्लैकमेल एवं जबरन धर्म परिवर्तन के गंभीर प्रकरण ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि एवं मा. सांसद मुकेश राजपूत पीड़ित परिवार से मिलने गाँव पहुँचे और परिजनों से बातचीत कर उनकी व्यथा को करीब से सुना।जनप्रतिनिधियों ने इस दौरान पीड़ित परिवार को आश्वस्त किया कि दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि मामले की जांच निष्पक्ष व त्वरित हो और पीड़िता को शीघ्र न्याय मिल सके।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार के जघन्य अपराध किसी भी सभ्य समाज के लिए कलंक हैं और ऐसे अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। दोषियों को सख्त से सख्त सजा दिलाने हेतु हर संभव प्रयास किया जाएगा, ताकि भविष्य में कोई भी ऐसी घिनौनी हरकत करने से पहले कई बार सोचने पर मजबूर हो। ग्रामीणों ने भी प्रशासन से मांग की कि आरोपी जल्द से जल्द गिरफ्तार किए जाएं और पीड़ित परिवार को सुरक्षा व न्याय मिले। यह मामला अब पूरे जनपद में चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग पीड़िता के साथ खड़े होकर न्याय की मांग कर रहे हैं।
