फर्रुखाबाद:रिक्रूट पुलिस कर्मियों को दिया गया साइबर क्राइम से निपटने का प्रशिक्षण।

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 12 सितम्बर 2025 पुलिस अधीक्षक आरती सिंह के निर्देशन में रिजर्व पुलिस लाइन में प्रशिक्षणरत रिक्रूट पुलिसकर्मियों को साइबर क्राइम टीम व आरटीसी प्रशिक्षकों द्वारा विशेष प्रशिक्षण दिया गया। इस अवसर पर प्रशिक्षकों ने नवनियुक्त पुलिसकर्मियों को डिजिटल युग में तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराधों की जटिलताओं और उनसे निपटने के आधुनिक तरीकों की जानकारी प्रदान की।

प्रशिक्षण के दौरान साइट्रेन पोर्टल, साइबर जागरूकता तथा तकनीकी पहलुओं पर विशेष फोकस किया गया। प्रशिक्षकों ने रिक्रूट्स को ऑनलाइन फ्रॉड, सोशल मीडिया अपराध, फिशिंग, हैकिंग समेत अन्य साइबर अपराधों की कार्यप्रणाली से अवगत कराया और उनसे बचाव एवं समय पर कार्रवाई के तरीके भी सिखाए।

पुलिस प्रशासन का मानना है कि इस तरह के प्रशिक्षण से नवनियुक्त पुलिसकर्मी साइबर अपराधों की रोकथाम व जांच में अधिक सक्षम बनेंगे और आम जनता को सुरक्षित डिजिटल वातावरण प्रदान करने में अहम योगदान देंगे।

यह पहल साइबर सुरक्षा के प्रति पुलिस विभाग की प्रतिबद्धता और बदलते दौर की जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षण व्यवस्था को और सुदृढ़ करने का प्रयास है।