फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 10 सितम्बर 2025 आज निरीक्षण भवन में उत्तर प्रदेश मत्स्यजीवी सहकारी संघ लिमिटेड के सभापति वीरू साहनी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद की विभिन्न समितियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे और उन्होंने अपनी समस्याओं से सभापति को अवगत कराया।
बैठक में हुसैनपुर, नोखड़ा और कमालगंज समितियों के प्रतिनिधियों ने शिकायत की कि उनके तालाबों में पानी की कमी है। वहीं, ग्राम सभा बिजोरी कायमगंज के पट्टाधारक ने बताया कि उसके पट्टे पर अवैध कब्जा किया गया है। इस पर सभापति ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बीमा, पंजीकरण और ऋण सुविधा पर जोर
सभापति ने निर्देश दिए कि मछुआ समुदाय का दुर्घटना बीमा कराया जाए और उन्हें एनएफडीपी पोर्टल पर पंजीकृत किया जाए। साथ ही, किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) बनवाने के लिए भी प्रेरित करने को कहा। उन्होंने बताया कि ग्राम सभा के एक हेक्टेयर तालाब पर ₹1.60 लाख का ऋण उपलब्ध कराने का नियम है।
नाव निर्माण पर नया निर्णय
कंपनी द्वारा आपूर्ति की गई नावों की गुणवत्ता खराब मिलने पर सभापति ने निर्देश दिए कि अब लाभार्थी स्वयं नाव बनाएंगे और सब्सिडी सीधे उनके खातों में स्थानांतरित की जाएगी।
समितियों और तालाबों को लेकर निर्देश
जनपद में कुल 11 समितियां संचालित हो रही हैं और गंगा नदी की लंबाई लगभग 105 किलोमीटर है। सभापति ने नवीन समितियां बनाने के निर्देश दिए और कहा कि समितियों का गठन पूरी तरह नियमों के अनुसार किया जाए।
कायमगंज क्षेत्र के तीन तालाबों की नीलामी न हो पाने पर भी नाराजगी जताई गई। वहीं, नगला हूसा अमृतपुर के सौरभ मिश्रा द्वारा पट्टे पर अवैध कब्जा करने की शिकायत पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
कैंप और सीमांकन पर जोर
सभापति ने निर्देश दिया कि जनपद में माह में न्यूनतम दो बार कैंप लगाए जाएं, जिससे मछुआ समुदाय को योजनाओं की जानकारी मिल सके। फर्रुखाबाद सदर क्षेत्र में पट्टेदार तालाबों के सीमांकन संबंधी शिकायतों पर उन्होंने सही सीमांकन कराने के निर्देश दिए।
अंत में सभापति ने कहा कि जनपद के सभी तालाबों की 100% नीलामी कराई जाएगी। बैठक में एसडीएम सदर न्यायिक सहित संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
