फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 08 सितम्बर 2025 जनपद की तहसील सदर के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र दिलीप की मड़ैया मजरा कटरी गंगपुर में प्रशासन द्वारा लगातार राहत व बचाव कार्य किए जा रहे हैं। यहाँ 65 परिवार बाढ़ से प्रभावित हुए हैं, जिनमें से 50 परिवारों को सुरक्षित स्थान पर बने अस्थायी बाढ़ शरणालय रहमानिया गर्ल्स इंटर कॉलेज, सलावत खां, फर्रुखाबाद में शिफ्ट किया गया है।
प्रशासन द्वारा अब तक सभी प्रभावित 65 परिवारों को एक बार बाढ़ राहत किट वितरित की जा चुकी है। जल्द ही दूसरी बार राहत किट वितरण किया जाएगा। वहीं, मौके पर मौजूद मेडिकल टीम लगातार स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। अब तक 250 पैकेट भोजन, फल, पानी और टॉर्च का वितरण भी किया गया है।
जानकारी के अनुसार, जिले में अब तक 15 मजरे बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। प्रशासन ने अब तक कुल 4250 बाढ़ राहत किट का वितरण कराया है।
नदी के कटान से कई मकान और झोपड़ियां भी ध्वस्त हुई हैं।
पंखियन की मड़ैया मजरा कटरी धर्मपुर में 380 मकानों/झोपड़ियों में से 64 क्षतिग्रस्त।
दौली की मड़ैया मजरा कटरी भीमपुर में 37 में से 11 मकान ध्वस्त।
ठठा की मड़ैया मजरा कटरी भीमपुर में 39 में से 36 मकान ध्वस्त।
पृथ्वीपुर मजरा कटरी भीमपुर में 25 में से सभी 25 मकान ध्वस्त।
कुल मिलाकर 66 परिवारों को गृह अनुदान राहत सहायता की स्वीकृति दी जा चुकी है, जबकि 70 और प्रभावित परिवारों को राहत की मंजूरी मिलना बाकी है।
प्रशासन के निर्देश
प्रभावित परिवारों को पूरी तरह सुरक्षित स्थानों पर भेजा जाए।
प्रभावित कृषि क्षेत्र का पानी उतरने के बाद सर्वे कराकर कृषि निवेश अनुदान दिया जाएगा।
कटान से मकान खो चुके परिवारों को भूमि आवंटित की जाएगी।
प्रशासन का कहना है कि राहत कार्य लगातार जारी है और प्रभावितों को किसी प्रकार की दिक्कत न हो, इसके लिए हर स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं।
