फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 07 सितंबर 2025 उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित प्रारम्भिक अर्हता परीक्षा (PET) 2025 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुचितापूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने हेतु प्रशासन पूरी तरह सतर्क दिखाई दिया।
रविवार को जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी एवं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने संयुक्त रूप से जनपद के परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गुरुकुल वर्ल्ड स्कूल तथा बद्रीविशाल कॉलेज, फर्रूखाबाद पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने केंद्र व्यवस्थापकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षार्थियों के लिए सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा परीक्षा प्रक्रिया को पूर्ण पारदर्शिता के साथ सम्पन्न कराया जाए। वहीं पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए केंद्रों के बाहर भीड़ नियंत्रण और शांति व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
दोनों अधिकारियों ने कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही या गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन द्वारा परीक्षार्थियों को सुरक्षित एवं निष्पक्ष वातावरण उपलब्ध कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
