मैनपुरी:(द दस्तक 24 न्यूज़) 05 सितंबर 2025 जनपद के कस्बा भोगांव बरावफात का पावन दिन, जिसे मिलाद-उन-नबी भी कहा जाता है, पूरे मुस्लिम समाज के लिए आस्था और उल्लास का पर्व है। यह दिन पैगंबर-ए-इस्लाम हज़रत मोहम्मद साहब की यौमे पैदाइश के रूप में मनाया जाता है। इसी क्रम में मैनपुरी जनपद के कस्बा भोगांव में भी शुक्रवार को जुलूसे मोहम्मदी निकाला गया, जिसमें श्रद्धा और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला।
कस्बे की मस्जिदों और गलियों को सजावट से रोशन किया गया। कुरान की तिलावत, तक़रीर, नातिया मुशायरा और दरूद-सलाम की गूंज से माहौल आध्यात्मिक रंग में रंग गया। मुस्लिम समाज के लोग बड़ी संख्या में जुलूस में शामिल हुए। जामा मस्जिद सदर से कार्यक्रम संयोजक शकील उर्फ फूलमियां की अगुवाई में जुलूस निकाला गया, जो बड़ा बाजार, राम जानकी मैरिज होम, छोटा बाजार, थाना कोतवाली, मोहल्ला जगत नगर, मोहल्ला बक्कालान और मोहल्ला चौधरी होते हुए पुनः बड़ा बाजार पहुंचकर सम्पन्न हुआ। इस दौरान एक से बढ़कर एक नात-शरीफ प्रस्तुत की गईं, जिन्हें सुनकर श्रद्धालु झूम उठे और अपने आका हज़रत मोहम्मद साहब की यौमे पैदाइश पर अक़ीदत का नजराना पेश किया। जामा मस्जिद के इमाम मोहम्मद खालिद रजा नूरी ने बताया कि मिलाद-उन-नबी का जुलूस हमें एकता, भाईचारे और इंसानियत के रास्ते पर चलने का संदेश देता है। भोगांव का यह आयोजन जिले भर में चर्चा का विषय रहा, जहां आस्था, भाईचारे और कौमी एकता का सुंदर उदाहरण देखने को मिला।
