फर्रुखाबाद:मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शिक्षा विभाग के कार्यक्रमों का किया शुभारंभ,जनपद में सजीव प्रसारण

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 05 सितंबर 2025 शिक्षक दिवस के अवसर पर आज लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में शिक्षा विभाग के महत्वपूर्ण कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण फर्रुखाबाद कलेक्ट्रेट सभागार में भी देखा गया, जिसमें जिले के अधिकारी, शिक्षक और छात्र-छात्राएं शामिल हुए।

कार्यक्रम में बच्चों ने अपनी पहल साझा करते हुए बताया कि उन्होंने “मां के नाम एक पेड़” लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प लिया है। मुख्यमंत्री ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी गतिविधियां बच्चों में रचनात्मकता और संवेदनशीलता का विकास करती हैं।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान शिक्षा व्यवस्था में हो रहे बड़े बदलावों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब सभी बच्चों को समान सिलेबस पढ़ाया जाएगा। नकलबंदी पर सख्ती से अमल हो रहा है, नकल माफिया पर एक करोड़ रुपये जुर्माना और आजीवन कारावास तक की सजा का प्रावधान है। उन्होंने घोषणा की कि अब विद्यार्थियों को ऐसी मार्कशीट दी जाएगी जो फट नहीं सकती।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने “पुस्तक उद्गम” के मुद्रित एवं डिजिटल संस्करण का विमोचन किया और तीन अन्य नई पुस्तकों का भी लोकार्पण किया। इस अवसर पर 2204 शिक्षकों को टैबलेट वितरित करने की घोषणा की गई, जिनमें से पांच शिक्षकों को कार्यक्रम में प्रतीकात्मक रूप से टैबलेट प्रदान किए गए।

शिक्षकों के सम्मान में मां सरस्वती की प्रतिमा, प्रशस्ति पत्र और ₹25,000 की धनराशि पुरस्कार स्वरूप दी गई। मुख्यमंत्री ने कहा, “वास्तव में श्रेष्ठ गुरुजनों का सम्मान होना चाहिए। कल उत्तर प्रदेश शिक्षा के क्षेत्र में निचले पायदान पर था, लेकिन आज हम अग्रणी पंक्ति में खड़े हैं।”

उन्होंने यह भी घोषणा की कि प्रदेश के सभी 9 लाख शिक्षकों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ मिलेगा। इसके साथ ही रसोइयों और अनुदेशकों को भी वित्तीय लाभ दिया जाएगा। मध्यान्ह भोजन योजना में बच्चों को मिलेट आधारित व्यंजन परोसे जाएंगे और शिक्षक बच्चों को खेल-खेल में शिक्षा देने पर जोर देंगे।

कार्यक्रम में बताया गया कि प्रदेश में 5000 बाल वाटिकाएं शुरू हो चुकी हैं, जिन्हें पोषण मिशन से जोड़ा जाएगा।

फर्रुखाबाद कलेक्ट्रेट सभागार में भी सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें जनपद की शिक्षिका भारती मिश्रा सहित कई शिक्षकों को सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने कहा कि जो शिक्षक विद्यार्थियों को अपने बच्चों की तरह समझकर पढ़ाते हैं, उनके योगदान का मूल्यांकन शब्दों में संभव नहीं है।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष के प्रतिनिधि सचिन यादव, जिला विद्यालय निरीक्षक, बीएसए सहित बड़ी संख्या में शिक्षक मौजूद रहे।