फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 05 सितंबर 2025 धम्मालोको बुद्ध विहार से जुड़े वरिष्ठ भंते धम्म कीर्ति की तबीयत अचानक बिगड़ने पर उन्हें लोहिया अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, तबीयत खराब होने पर पहले उन्हें सीएचसी कायमगंज ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया। एंबुलेंस से भंते को लोहिया अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका बेटा उनकी देखरेख में मौजूद है।
भंते धम्म कीर्ति के स्वास्थ्य की जानकारी मिलने पर विधायक सुशील शाक्य के पुत्र एवं भाजपा नेता संदीप शाक्य तथा पत्रकार आनंद भान शाक्य लोहिया अस्पताल पहुंचे और उनका हाल-चाल लिया। दोनों ने इमरजेंसी वार्ड के डॉक्टरों से भंते का विशेष ध्यान रखने का आग्रह किया।
64 वर्षीय भंते धम्म कीर्ति कई बीमारियों से ग्रसित हैं, बावजूद इसके वे लगातार सामाजिक और धार्मिक आयोजनों में सक्रिय रहते हैं। बताया जा रहा है कि बीमार होने के बावजूद वे संकिसा महोत्सव की तैयारियों को लेकर चिंतित हैं।
गौरतलब है कि धम्मालोको बुद्ध विहार ट्रस्ट के प्रबंधक राहुल शाक्य एडवोकेट ने 6 सितंबर को दोपहर में धम्मालोको बुद्ध विहार में संकिसा महोत्सव की तैयारी के लिए बैठक बुलाई है। भंते धम्म कीर्ति इस बैठक को लेकर विशेष रूप से चिंतित हैं और आयोजन की सफलता सुनिश्चित करने के लिए लगातार सुझाव देते रहे हैं। फिलहाल, लोहिया अस्पताल में उनका इलाज जारी है और डॉक्टरों की निगरानी में उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
