फर्रुखाबाद: सांसद मुकेश राजपूत ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया, जरूरतमंदों को वितरित किया भोजन

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 04 सितम्बर 2025 गंगा नदी के विकराल रूप के चलते फर्रुखाबाद सदर विधानसभा क्षेत्र में भयंकर बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। कई गाँव पानी से घिर गए हैं और लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।

इसी क्रम में फर्रुखाबाद के सांसद मुकेश राजपूत ने शनिवार को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने ग्राम पंचायत बिलावलपुर, दौली की मड़ैया, दिलीप की मड़ैया, ढटा की मड़ैया, हरी की मड़ैया सहित कई बाढ़ग्रस्त इलाकों में पहुँचकर हालात का जायजा लिया।

सांसद राजपूत ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनका हाल-चाल जाना और जरूरतमंदों को भोजन वितरण किया। उन्होंने बताया कि भोजन की व्यवस्था लगातार संचालित की जा रही है, ताकि किसी को भूखा न रहना पड़े।

सांसद ने कहा, “गंगा की इस त्रासदी से सभी लोग जल्द उबरें और जीवन पुनः सामान्य हो, इसके लिए मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूँ।”

गौरतलब है कि लगातार बढ़ते जलस्तर से फर्रुखाबाद जिले के निचले इलाकों में पानी भर गया है, जिससे ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों पर पलायन करना पड़ रहा है। राहत और बचाव कार्य प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों की देखरेख में जारी है।