कन्नौज में लागू होगा “नो हेलमेट नो फ्यूल” अभियान, पेट्रोल पंप मालिकों को दिए गए निर्देश

कन्नौज:(द दस्तक 24 न्यूज़) 02 सितंबर 2025 जनपद में सड़क सुरक्षा को लेकर सख्ती बरतनी शुरू हो गई है। मंगलवार को जिला कलेक्ट्रेट स्थित गांधी सभागार में जिलाधिकारी कन्नौज आशुतोष मोहन अग्निहोत्री व पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में पेट्रोल पंप स्वामियों के साथ बैठक आयोजित की गई।

बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा सड़क सुरक्षा को लेकर वर्चुअल मीटिंग में दिए गए निर्देशों के अनुपालन पर चर्चा की गई। जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने सभी पेट्रोल पंप मालिकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनपद में “नो हेलमेट नो फ्यूल” अभियान को शत-प्रतिशत लागू किया जाए।

बैठक में दिए गए प्रमुख निर्देश :

पेट्रोल पंप पर बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चालकों को पेट्रोल न दिया जाए।

सभी पंप स्वामियों को अपने पेट्रोल पंप पर कम से कम एक माह की रिकॉर्डिंग क्षमता वाले सीसीटीवी कैमरे लगवाने होंगे।

“नो हेलमेट नो फ्यूल” से संबंधित फ्लेक्स बैनर सभी पंपों पर अनिवार्य रूप से लगाए जाएं।

अभियान को सफल बनाने के लिए पुलिस व प्रशासन मिलकर कार्यवाही करेंगे।

पुलिस अधीक्षक ने एआरटीओ कन्नौज व यातायात पुलिस को दोपहिया वाहनों पर हेलमेट चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए हेलमेट का प्रयोग अत्यंत आवश्यक है और इस अभियान को सख्ती से लागू किया जाएगा। वहीं पुलिस अधीक्षक ने चेतावनी दी कि नियमों का पालन न करने वाले पेट्रोल पंपों पर कार्रवाई की जाएगी।