बरेली:(द दस्तक 24 न्यूज़) 30 अगस्त 2025 प्रसिद्ध बॉलीवुड फ़िल्म “मेरा साया” (1966) के मशहूर गीत “झुमका गिरा रे, बरेली के बाज़ार में” ने उत्तर प्रदेश के शहर बरेली को देशभर में खास पहचान दिलाई थी। उस दौर का यह गीत आज भी बरेली की पहचान के रूप में गाया और याद किया जाता है। अब इस पहचान को और मज़बूती देने के लिए बरेली में एक अनोखा प्रतीक बनाया गया है।
बरेली विकास प्राधिकरण ने शहर के NH-24 के ज़ीरो प्वाइंट पर एक विशाल झुमका स्थापित कराया है। यह झुमका देखने में बेहद आकर्षक है। इसकी ऊँचाई लगभग 14 फीट और वजन करीब 200 किलो है। इसे पीतल और ताँबे से तैयार किया गया है, जिसकी नक्काशी और कलाकारी देखने लायक है।
यह झुमका गुड़गाँव के एक कारीगर द्वारा तैयार किया गया है और इसकी लागत लगभग 18 लाख रुपए आई है। इस भव्य प्रतीक की वजह से अब यह स्थान “झुमका तिराहा” के नाम से जाना जाएगा।
बरेली विकास प्राधिकरण का कहना है कि यह झुमका शहर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान को जीवंत करेगा। इसके स्थापित होने के बाद यहाँ आने वाले पर्यटकों और स्थानीय लोगों के लिए यह एक नया आकर्षण बन गया है।
शहरवासी भी इस पहल से खासे उत्साहित हैं। उनका मानना है कि यह न सिर्फ बरेली की पहचान को और मजबूत करेगा, बल्कि पर्यटन को भी बढ़ावा देगा।
इस तरह 1966 की एक फ़िल्म का मशहूर गीत आज भी बरेली को रोशन कर रहा है और अब “झुमका तिराहा” इस शहर की शान बन चुका है।
