फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 28 अगस्त 2025 जनपद के लोकप्रिय सांसद मुकेश राजपूत ने आज विधानसभा क्षेत्र अमृतपुर के बाढ़ प्रभावित गाँव चाचूपुर का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उन्हें हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।
सांसद राजपूत ने बताया कि प्राकृतिक आपदा के समय सरकार और जनप्रतिनिधियों का कर्तव्य है कि वे जनता के साथ खड़े रहें। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश राज्य आयुष सोसाइटी, लखनऊ के सौजन्य से गांव में निःशुल्क सार्वजनिक स्वास्थ्य शिविर आयोजित कराया गया।
शिविर में आयुष पद्धतियों – आयुर्वेद, होम्योपैथी, यूनानी, योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा – के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने सैकड़ों ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया और उन्हें निःशुल्क दवाइयाँ वितरित कीं। स्वास्थ्य टीम ने ग्रामीणों को बाढ़ के बाद फैलने वाली बीमारियों से बचाव के लिए विशेष परामर्श भी दिया।
सांसद मुकेश राजपूत ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर प्रभावित क्षेत्रों के लिए लगातार काम कर रही है। प्रशासन को भी निर्देश दिए गए हैं कि बाढ़ प्रभावित गांवों में राहत एवं बचाव कार्य पूरी गंभीरता से चलाए जाएं।
गाँव के लोगों ने सांसद का आभार जताते हुए कहा कि उनके दौरे और स्वास्थ्य शिविर से उन्हें बड़ी राहत मिली है।
