फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 28 अगस्त 2025 राष्ट्रीय खेल दिवस-2025 के अवसर पर जिले में 29 से 31 अगस्त तक विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। खेल निदेशालय, लखनऊ के आदेशानुसार जनपद खेल कार्यालय द्वारा स्वर्गीय ब्रजदत्त द्विवेदी स्पोर्ट्स स्टेडियम, फतेहगढ़ में प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी।
कार्यक्रम की शुरुआत 29 अगस्त को होगी, जब 14 वर्षीय बालकों की जिला स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता सुबह 9 बजे से खेली जाएगी। इसके बाद 30 अगस्त को दो प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा—सुबह 9 बजे से जिला स्तरीय टाईक्वांडो (जूनियर बालिका वर्ग अंडर-17) और सुबह 10 बजे से कबड्डी (जूनियर बालक वर्ग अंडर-20) प्रतियोगिता होगी। इन्हीं प्रतियोगिताओं के विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को उसी दिन दोपहर 2 बजे पुरस्कार वितरण समारोह में सम्मानित किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त 31 अगस्त को सुबह 8 बजे से सण्डे ऑन साइकलिंग रेस का आयोजन होगा। यह रेस स्टेडियम के मेन गेट से शुरू होकर जेएन इंटर कॉलेज (डॉ. भीमराव अंबेडकर तिराहा) तक जाएगी और पुनः स्टेडियम के मेन गेट पर समाप्त होगी।
खेल अधिकारी ने बताया कि इन प्रतियोगिताओं में जिले के सरकारी व गैर-सरकारी संस्थानों, खेल संघों, खेल क्लबों और विद्यालयों से खिलाड़ियों को आमंत्रित किया गया है। इच्छुक खिलाड़ी या टीमें निःशुल्क पंजीकरण हेतु जिला खेल कार्यालय, स्पोर्ट्स स्टेडियम, फतेहगढ़ में संपर्क कर सकती हैं। सभी खिलाड़ियों को आधार कार्ड की छायाप्रति लाना अनिवार्य है।
👉 जिलेभर के खेल प्रेमियों और युवाओं में इन प्रतियोगिताओं को लेकर उत्साह देखने को मिल रहा है।
