पूरनपुर। प्रदेश के परिषदीय स्कूलों में 25 वर्षों से पढ़ा रहे शिक्षामित्रों की समस्याओं से अब छुटकारा मिलने की उम्मीद जागी है। यह बात एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष ने मा. मुख्यमंत्री से मिलने के बाद जानकारी दी। आदर्श समायोजित शिक्षक शिक्षामित्र वेलफेयर एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ सिंह कुशवाहा ने बताया कि 25 जुलाई 2017 को मा. उच्चतम न्यायालय के द्वारा समायोजन रद्द होने के पश्चात काफी लंबे समय से शिक्षामित्र काफी आर्थिक तंगी से गुजरकर विद्यालयों में शिक्षण कार्य कर रहे थे,अल्प मानदेय मिलने के चलते परिवार की स्थिति सही न होने से प्रदेश के हजारों शिक्षामित्रों की मौत भी हो चुकी है। इस सम्बंध में सरकार के विधायकों, सांसदों, मंत्रियों, भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय संगठन महामंत्री संजय विनायक जोशी एवं सरकार के पदाधिकारियों से निरंतर शिक्षामित्रों की समस्याओं के निराकरण के लिए सरकार से सामंजस्य बनाने का प्रयास जारी रहा।एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ सिंह कुशवाहा ने लखनऊ में 27 अगस्त को पीलीभीत जिले के जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि गुरुभाग सिंह और अधिवक्ता मनोज कुमार पासवान के साथ मा. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर प्रदेश के शिक्षामित्रों की समस्याओं को पूर्ण रूप से अवगत कराकर स्थायी समाधान करने की मांग की। मा. मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी शिक्षामित्र विद्यालयों में पठन-पाठन पर विशेष ध्यान देकर बच्चों को निपुण बनाकर उनके लक्ष्यों को आगे बढ़ाते रहे। शिक्षामित्रों की हर समस्या का निस्तारण होने जा रहा है। आने बाले समय में शिक्षामित्रों को इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा। एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष की मा. मुख्यमंत्री से मिलने के बाद 25 वर्षों से आर्थिक तंगी से गुजारा कर रहे शिक्षामित्रों की अब कुछ राहत मिलने की उम्मीद जागी है।
पीलीभीत : शिक्षामित्रों की समस्याओं को लेकर सीएम से की मुलाकात एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष ने सीएम को दी जानकारी
