फर्रुखाबाद: उर्वरक दुकानों पर छापे, 5 लाइसेंस निलंबित – किसानों के लिए लगातार हो रही आपूर्ति

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 27 अगस्त 2025 जिले में आलू की आगामी बुवाई को देखते हुए प्रशासन ने उर्वरक उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए सख्ती शुरू कर दी है। जिलाधिकारी के निर्देश पर कृषि, सहकारिता एवं प्रशासनिक अधिकारियों की टीम लगातार क्षेत्रीय निरीक्षण कर रही है। इसी क्रम में कई उर्वरक दुकानों पर छापेमारी की गई, जिसमें नियमों के उल्लंघन पर पांच दुकानदारों के लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए गए।

जिलाधिकारी की सख्ती

जिला कृषि अधिकारी बी.के. सिंह ने बताया कि कायमगंज इफको केंद्र पर किसानों की अधिक भीड़ की सूचना मिलने पर स्वयं मौके पर जाकर उर्वरक का वितरण कराया गया। इसके अलावा जिला प्रबंधक इफको को निर्देशित कर अतिरिक्त 400 बोरी एनपीके की आपूर्ति कराई गई।

अब तक जिले को यूरिया 54,810 मीट्रिक टन प्राप्त हुआ, जिसमें से 44,463 मीट्रिक टन का वितरण किसानों को किया जा चुका है। इसी प्रकार डीएपी 13,514 मीट्रिक टन में से 6,064 मीट्रिक टन और एनपीके 14,093 मीट्रिक टन में से 2,852 मीट्रिक टन का वितरण हो चुका है।

इस सप्ताह की आपूर्ति

यूरिया – 15,556 बैग

एनपीके – 47,600 बैग

निलंबित किए गए लाइसेंस

निरीक्षण के दौरान कई दुकानदार दुकान बंद कर गायब मिले तथा समुचित अभिलेख भी प्रस्तुत नहीं किए। इसके चलते निम्न दुकानों के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए—

1. मै० प्रिंस खाद एवं बीज भण्डार, रौकरी

2. ईशू कृषि सेवा केन्द्र, रौकरी

3. मै० पंकज खाद भण्डार, सिवारा

4. मै० दिव्यांश खाद भण्डार, सिवारा

5. नै० कृष्णा खाद एवं बीज भण्डार, सिवारा

किसानों से अपील

जिला कृषि अधिकारी ने किसानों से अपील की है कि वे केवल आवश्यकता के अनुसार ही उर्वरक खरीदें और एक बार में अधिक मात्रा में खरीदने से बचें। खतौनी व आधार कार्ड दिखाकर आसानी से उर्वरक प्राप्त किया जा सकता है। साथ ही चेतावनी दी गई कि अधिक मूल्य पर बिक्री या जबरन टैगिंग करने वाले दुकानदारों के खिलाफ लाइसेंस रद्द करने के साथ विधिक कार्रवाई भी की जाएगी।

 प्रशासन की इस सख्ती से किसानों को समय पर और उचित मूल्य पर उर्वरक उपलब्ध होने की उम्मीद है।