गोरखपुर:श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के प्रकाश पर्व पर सीएम योगी ने किए पर्यटन विकास कार्यों का लोकार्पण

गोरखपुर:(द दस्तक 24 न्यूज़) 24 अगस्त 2025 “जो बोले सो निहाल… सत् श्री अकाल!” के जयघोष के बीच गोरखपुर का पैडलेगंज गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा आज श्रद्धा और उल्लास से गूंज उठा। पावन श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के प्रकाश पर्व पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुद्वारे में पर्यटन विकास कार्यों का लोकार्पण किया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि जब-जब सनातन धर्म और समाज पर संकट आया, तब-तब सिख गुरुजनों ने अपना सर्वस्व बलिदान देकर धर्म और मानवता की रक्षा की। गुरु तेग बहादुर से लेकर गुरु गोबिंद सिंह जी तक, सभी गुरुओं ने शौर्य, त्याग और सेवा की अद्भुत मिसाल प्रस्तुत की है।

उन्होंने कहा कि गोरखपुर में गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा का धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व है। यहाँ पर्यटन और धार्मिक विकास कार्य पूरे होने से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएँ मिलेंगी तथा आने वाली पीढ़ियाँ गुरु परंपरा की महान शिक्षाओं से प्रेरणा लेंगी।

गुरुद्वारे में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सिख समुदाय के श्रद्धालु, संत-महात्मा और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम स्थल पर “वाहे गुरु” के संगठित स्वर वातावरण को भक्तिमय बना रहे थे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों और विशेषकर सिख समाज को श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के प्रकाश पर्व की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह पर्व हमें “सत्य, साहस और सेवा” की राह पर चलने की प्रेरणा देता है।