फर्रुखाबाद:ग्राम पंचायत पिपरगांव में सफाई कर्मी की मनमानी, महीनों तक नहीं होती सफाई– ग्रामीण परेशान

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 24 अगस्त 2025 जनपद के ब्लॉक मोहम्मदाबाद ग्राम पंचायत पिपरगांव में तैनात सफाई कर्मी की मनमानी से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आरोप है कि सफाई कर्मचारी पिछले 6 महीने से गांव में सफाई करने नहीं आया, जिससे नालियां बजबजाने लगी हैं और चारों ओर गंदगी का अंबार लग गया है।

ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या की शिकायत कई बार ग्राम प्रधान से की गई, लेकिन प्रधान हर बार यह कहकर पल्ला झाड़ देते हैं कि पूरे पंचायत में केवल एक ही सफाई कर्मी तैनात है और उसका 6 महीने में एक बार आना ही काफी है। ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम प्रधान और सफाई कर्मी के बीच मिलीभगत है, जिसके चलते सफाई कर्मी बिना काम किए ही वेतन उठाता है और प्रधान उसकी वेतन स्लिप पर दस्तखत कर देते हैं।

ग्राम पंचायत सदस्य ने जब इस मामले की शिकायत B.D.O. मोहम्मदाबाद से की तो हर बार केवल आश्वासन मिला, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उच्च अधिकारियों से शिकायत करने के बाद कभी-कभार सफाई कर्मी गांव आता है, लेकिन वह भी अपने निर्धारित रोस्टर के अनुसार नियमित सफाई करने नहीं आता।

ग्रामीणों ने बताया कि स्थिति इतनी खराब है कि प्राथमिक विद्यालय मतापुर में पढ़ने वाले बच्चों की सुरक्षा को भी खतरा है। विद्यालय के अंदर और बाहर फैली गंदगी के चलते माता-पिता को डर लगा रहता है कि कहीं बच्चों को सांप या कीड़े-मकोड़े नुकसान न पहुंचा दें।

ग्रामीणों का कहना है कि लगातार शिकायतों के बावजूद अधिकारियों के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ग्राम पंचायत पिपरगांव की सफाई व्यवस्था को तुरंत दुरुस्त किया जाए और लापरवाह सफाई कर्मी व जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।