कन्नौज:(द दस्तक 24 न्यूज़) 23 अगस्त 2025 जनपद में परिवार परामर्श केन्द्र (नई किरण) ने दो बिखरते हुए परिवारों को जोड़कर समाज को सकारात्मक संदेश दिया है। पुलिस अधीक्षक कन्नौज श्री विनोद कुमार के निर्देशन में महिला थाना स्थित परिवार परामर्श केन्द्र में शनिवार को दोनों पक्षों की सुनवाई की गई। इस दौरान निरीक्षक रंजना पांडेय, महिला आरक्षी अनामिका यादव व सीमा यादव की उपस्थिति में पति-पत्नी के बीच चल रहे विवाद को सुलझाने का प्रयास किया गया।
काफी समझाइश और मध्यस्थता के बाद दोनों परिवार आपसी मनमुटाव भुलाकर साथ–साथ रहने को तैयार हो गए। परामर्श केन्द्र की इस पहल से न केवल रिश्ते टूटने से बचे बल्कि परिवार फिर से खुशहाल जीवन जीने की ओर बढ़े। परिवार परामर्श केन्द्र (नई किरण) का मुख्य उद्देश्य बिखरते परिवारों को जोड़ना और वैवाहिक जीवन में सामंजस्य स्थापित करना है। लगातार हो रहे ऐसे प्रयास समाज में वैवाहिक विवादों को कम करने और रिश्तों को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं।
