फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 23 अगस्त 2025 जनपद के जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी एवं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने थाना शमसाबाद क्षेत्रान्तर्गत गंगा नदी के तेज बहाव की स्थिति का जायज़ा लिया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने तटवर्ती गांवों का निरीक्षण कर ग्रामीणों से संवाद किया और सुरक्षा उपायों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।
निरीक्षण के समय जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को सतर्क रहने और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में निरंतर निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्थिति में ग्रामीणों की सुरक्षा से समझौता नहीं किया जाएगा। वहीं, पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने राहत एवं बचाव कार्यों में तत्परता बरतने और ग्रामीणों को समय पर मदद उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
इस मौके पर प्रशासन द्वारा ग्रामीणों को राहत सामग्री का वितरण भी किया गया, जिससे प्रभावित परिवारों को तत्कालिक सहायता मिल सके।
अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की कि गंगा नदी के तेज बहाव को देखते हुए सावधानी बरतें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।
