फर्रुखाबाद में नागरिक सुरक्षा कोर हेतु वार्डेन पद पर आवेदन आमंत्रित, सेवा होगी अवैतनिक

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 20 अगस्त 2025 जिलाधिकारी/नियंत्रक नागरिक सुरक्षा ने जानकारी देते हुए बताया कि नागरिक सुरक्षा कोर (Civil Defence Corps) में वार्डेन पद पर सेवा प्रदान करने के इच्छुक नागरिक आवेदन कर सकते हैं। यह पद पूरी तरह अवैतनिक होंगे और चयनित वार्डन आपदा प्रबंधन सहित अन्य कल्याणकारी एवं सामाजिक जनहित के कार्यों में अपनी सेवाएं देंगे।

उन्होंने बताया कि नागरिक सुरक्षा कोर की स्थापना भारत सरकार द्वारा नागरिक सुरक्षा अधिनियम-1968 के तहत की गई थी, जिसका उद्देश्य बाहरी युद्ध एवं आक्रमण की स्थिति में जीवन और संपत्ति की रक्षा करना, उत्पादन की निरंतरता बनाए रखना और जनता का मनोबल ऊंचा रखना था। समय के साथ नागरिक सुरक्षा कोर की जिम्मेदारियां बढ़ाई गईं और अब यह संगठन आपदा प्रबंधन, सामाजिक कार्यों और जनकल्याणकारी गतिविधियों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

आवेदन के लिए आवश्यक अर्हताएं

1. आवेदक नगर पालिका क्षेत्र फर्रुखाबाद का निवासी हो।

2. आवेदक का चरित्र स्वच्छ हो तथा उसके विरुद्ध कोई आपराधिक मुकदमा दर्ज न हो।

3. आवेदक शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ हो।

4. आवेदक की आयु 18 वर्ष से अधिक हो।

5. आवेदक किसी राजनीतिक दल का सक्रिय सदस्य न हो।

आवेदन प्रक्रिया

उपरोक्त अर्हताओं को पूर्ण करने वाले नागरिक निर्धारित प्रारूप में आवेदन कर सकते हैं। आवेदन पत्र एवं अन्य जानकारी हेतु सहायक उपनियंत्रक (व०वे०)/प्रभारी नागरिक सुरक्षा, जनपद फर्रुखाबाद से संपर्क किया जा सकता है।

संपर्क हेतु दूरभाष संख्या: 9140394112 उपलब्ध है। अपर जिलाधिकारी (वि/रा०)/नोडल अधिकारी नागरिक सुरक्षा ने नागरिकों से अपील की है कि वे स्वेच्छा से आगे आकर समाज सेवा के इस महत्त्वपूर्ण कार्य में योगदान दें और जनहित में अपनी सेवाएं प्रदान करें।