फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 19 अगस्त 2025 शैक्षिक सत्र 2025-26 में पूर्वदशम (कक्षा 9-10) एवं दशमोत्तर (कक्षा 11-12) छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजनान्तर्गत छात्रों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया जारी है। जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी योगेश पाण्डेय ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि आवेदन करने व अन्य सभी कार्यवाही पूर्ण करने की अंतिम तिथि 31 अगस्त 2025 निर्धारित की गई है।
उन्होंने बताया कि जिले के सभी शिक्षण संस्थान अपने-अपने मास्टर डाटा प्रोफाइल को अपडेट करें और अधिक से अधिक छात्रों से ऑनलाइन आवेदन कराएँ। साथ ही छात्रों के आवेदन पत्रों को समय से रिसीव, वैरीफाई और अग्रसारित करना भी सुनिश्चित करें।
अधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि शैक्षणिक संस्थानों द्वारा छात्रों का छात्रवृत्ति डाटा 31 अगस्त 2025 तक अग्रसारित किया जाना अनिवार्य है, ताकि माननीय मुख्यमंत्री जी की घोषणा एवं शासन की मंशा के अनुरूप प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी 2 अक्टूबर को छात्रवृत्ति वितरण समारोह जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में आयोजित कराया जा सके।
जिले के सभी छात्र-छात्राओं एवं शिक्षण संस्थानों से अपील है कि समयसीमा का पालन करते हुए आवश्यक कार्यवाही समय से पूर्ण करें।
