फर्रुखाबाद:जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने जनपद में बाढ़ पीड़ितों को राहत सामग्री वितरित की

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 17 अगस्त 2025 उत्तर प्रदेश के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह आज फर्रुखाबाद पहुंचे, जहां उन्होंने अमृतपुर तहसील के जमापुर मोड़ और कायमगंज तहसील के शमसाबाद मंडी में बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री वितरित की।

कार्यक्रम के दौरान जमापुर में 250 परिवारों तथा शमसाबाद में 300 परिवारों को राहत किट प्रदान की गई। राहत वितरण के बाद मंत्री जी ने बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों से संवाद किया और उनकी समस्याओं की जानकारी प्राप्त की। ग्रामीणों ने इस दौरान गंगा नदी पर तटबंध बनवाने की मांग रखी।

इस पर अधिशासी अभियंता सिंचाई विभाग ने मंत्री जी को अवगत कराया कि तटबंध का सर्वे पूरा हो चुका है। इस पर मा. मंत्री जी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आवश्यक कार्यवाही जल्द से जल्द पूरी कर तटबंध निर्माण का कार्य प्रारंभ किया जाए।

राहत वितरण कार्यक्रम के उपरांत मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने नेकपुर खुर्द गौशाला का भी निरीक्षण किया। उन्होंने गौशाला की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और वहां मौजूद गायों को गुड़ व केले खिलाए।

इस अवसर पर विधायक अमृतपुर सुशील शाक्य, विधायक भोजपुर नागेन्द्र राठौर, विधायक कायमगंज डॉ. सुरभि, भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचन्द्र राजपूत, जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी, पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़ सहित प्रशासनिक अधिकारी व भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।