फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 15 अगस्त 2025 स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर पुलिस अधीक्षक आरती सिंह के निर्देशन में तथा क्षेत्राधिकारी मोहम्मदाबाद अजय वर्मा के नेतृत्व में आज रिजर्व पुलिस लाइन, फतेहगढ़ से एक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। इस यात्रा में प्रशिक्षु आरक्षियों सहित थाना एवं विभिन्न शाखाओं में नियुक्त पुलिसकर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
तिरंगा यात्रा नगर के सभी प्रमुख मार्गों और महत्वपूर्ण चौराहों से होकर गुज़री, जहां आमजन को देशभक्ति, एकता और राष्ट्रीय गौरव का संदेश दिया गया। यात्रा के दौरान पुलिसकर्मी हाथों में तिरंगा लिए “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” जैसे गगनभेदी नारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी अजय वर्मा ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस न केवल हमारे देश की आज़ादी का पर्व है, बल्कि यह हमें अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों की याद भी दिलाता है। तिरंगा यात्रा का उद्देश्य जनता में राष्ट्रीय एकता, भाईचारे और देशप्रेम की भावना को और सशक्त करना है।
कार्यक्रम के अंत में पुलिस लाइन में सभी प्रतिभागियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी गईं और देश की अखंडता एवं समृद्धि के लिए संकल्प लिया गया।
