फर्रुखाबाद :भाजपा जिला कार्यालय पर धूमधाम से मनाया गया 79वां स्वतंत्रता दिवस

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 15 अगस्त 2025 आजादी के 79वें अमृत पर्व पर भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय फर्रुखाबाद में देशभक्ति और उत्साह का अद्भुत नजारा देखने को मिला। जिला भाजपा अध्यक्ष फतेहचंद राजपूत ने पार्टी कार्यालय प्रांगण में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर कार्यक्रम की शुरुआत की। इस अवसर पर निवर्तमान जिलाध्यक्ष श्री रूपेश गुप्ता, वरिष्ठ भाजपा नेता डी.एस. राठौर, फतेहगढ़ मंडल अध्यक्ष रमला राठौर सहित जिले के सभी मंडलों एवं मोर्चों के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

ध्वजारोहण के पश्चात राष्ट्रगान गाया गया और शहीदों को नमन करते हुए उनके बलिदान को याद किया गया। जिला अध्यक्ष फतेहचंद राजपूत ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव नहीं, बल्कि हमारे उन स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति श्रद्धा का प्रतीक है, जिन्होंने अपने प्राणों की आहुति देकर हमें स्वतंत्र भारत का उपहार दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से “हर घर तिरंगा” अभियान को सफल बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि देशभक्ति का जज़्बा घर-घर तक पहुंचे और तिरंगा हर नागरिक के दिल में लहराए।

निवर्तमान जिलाध्यक्ष रूपेश गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि आज का दिन हम सभी के लिए गर्व का दिन है, जब हमें अपनी मातृभूमि के लिए किए गए संघर्ष और त्याग को याद कर नई प्रेरणा लेने का अवसर मिलता है। कार्यक्रम में सभी कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से भारत माता की जय और वंदे मातरम के उद्घोष लगाए। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और भारतीय संविधान निर्माताओं के योगदान को भी याद किया गया। अंत में, सभी उपस्थित जनों को मिष्ठान वितरण किया गया और “हर घर तिरंगा” अभियान के तहत अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जुड़ने का संकल्प लिया गया।