फर्रुखाबाद:स्वतंत्रता दिवस पर फतेहगढ़ कलेक्ट्रेट सभागार में भव्य समारोह, मंत्री सुरेश राही ने किया ध्वजारोहण व किया लाभ वितरण।

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 15 अगस्त 2025 स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर जनपद के फतेहगढ़ स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में आज भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में मा. कारागार राज्य मंत्री श्री सुरेश राही पहुंचे। उन्होंने सर्वप्रथम राष्ट्रीय ध्वज फहराकर तिरंगे को सलामी दी और उसके बाद सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।

कार्यक्रम की शुरुआत में माननीय मंत्री ने कलेक्ट्रेट प्रांगण में 5 दिव्यांगजन को व्हीलचेयर, 3 किसानों को सुपर सीडर, मल्टी क्रॉप सीड ड्रिल और आलू खुदाई मशीन की चाबियां प्रदान कीं। इसके बाद उन्होंने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं और उद्योग विभाग द्वारा लगाए गए स्टॉल का अवलोकन किया तथा उनके कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

कलेक्ट्रेट सभागार में भारत माता की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। जिलाधिकारी ने मंत्री महोदय सहित उपस्थित जनप्रतिनिधियों का पुष्पगुच्छ और पुस्तक देकर सम्मान किया। मंत्री जी ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवार की सदस्य उर्मिला देवी को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया, साथ ही ग्राम पंचायत और नगर पालिका में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 17 सफाई कर्मियों को भी सम्मानित किया।

राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के प्रधानाचार्य राजवीर सिंह को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत लाभ वितरण भी किया गया। इसमें 10 लाभार्थियों को टैबलेट, 2 लाभार्थियों को आवास की चाबियां, 5 लाभार्थियों को सीएम युवा योजना के अंतर्गत चेक, 5 को उद्यान विभाग के चेक, 5 को शादी अनुदान स्वीकृति पत्र और 5 को वृद्धावस्था पेंशन स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत स्वयं सहायता समूहों को 19 करोड़ रुपये की सीसीएल धनराशि का चेक वितरित किया गया। कोविड महामारी में दिवंगत रोडवेज परिचालक की विधवा सरिता सिंह को 50 लाख रुपये का राहत चेक भी प्रदान किया गया।

समारोह में राष्ट्रकवि एवं साहित्यकार डॉ. शिव ओम अंबर, इतिहासकार श्री भूपेंद्र सिंह, विधायक कायमगंज, विधायक अमृतपुर, जिला पंचायत अध्यक्ष और सांसद फर्रुखाबाद ने अपने विचार व्यक्त किए। अपने उद्बोधन में मुख्य अतिथि श्री सुरेश राही ने स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि हमें इस आजादी को सुरक्षित रखना है और उन तत्वों से सतर्क रहना है जो देश की एकता और अखंडता पर प्रहार करने का प्रयास करते हैं। यह आयोजन देशभक्ति, एकता और सामाजिक विकास का संदेश देते हुए संपन्न हुआ।