फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 14 अगस्त 2025 भारतीय किसान यूनियन (स्वराज) ने आज मोहल्ला जवाहरगंज, कायमगंज स्थित कार्यालय में जिला उपाध्यक्ष प्रताप सिंह गंगवार की अध्यक्षता में आपात पंचायत बुलाई। बैठक का संचालन जिला महामंत्री मंजेश यादव ने किया। पंचायत में प्रदेश सचिव मुन्नालाल सक्सेना ने जिला प्रशासन, तहसील प्रशासन और राजस्व विभाग पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि गंगा नदी की बाढ़ से हुई तबाही प्रशासन की लापरवाही का परिणाम है।
सक्सेना ने कहा कि जिलाधिकारी, उपजिलाधिकारी, तहसीलदार और लेखपालों ने समय रहते किसानों को बाढ़ की सही जानकारी नहीं दी, जिसके कारण गन्ना, मक्का, ज्वार, बाजरा, धान और सब्जियों की फसलें पूरी तरह बर्बाद हो गईं। ग्रामीण जरूरी राशन, मसाले और ईंधन का भी इंतजाम नहीं कर पाए। उन्होंने मांग की कि संबंधित अधिकारियों को तत्काल बर्खास्त कर जिले से हटाया जाए, अन्यथा बाढ़ के बाद बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
जिला महामंत्री मंजेश यादव ने बताया कि बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों की पुलियों पर डेढ़ मीटर तक पानी बह रहा है, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित है और लोग जान जोखिम में डालकर गुजरने को मजबूर हैं। उन्होंने पुलियों का उच्चीकरण और पुनर्निर्माण कराने की मांग की, ताकि भविष्य में आवागमन बाधित न हो।
बैठक में मोती नगला के पूर्व प्रधान की मौत पर भी शोक व्यक्त किया गया। बताया गया कि 13 अगस्त को वह कायमगंज से दवा लेकर लौटते समय बाढ़ के पानी में बह गए। अब तक उनका शव नहीं मिल सका। कार्यकर्ताओं ने कहा कि यदि लेखपाल समय पर चेतावनी देते तो यह हादसा टल सकता था।
पंचायत में यह भी आरोप लगाया गया कि तहसील, खंड विकास विभाग, पुलिस और अधिशासी अभियंता शासन को झूठी रिपोर्ट भेजकर गुमराह कर रहे हैं, जिससे भाजपा सरकार की छवि को नुकसान हो रहा है। बैठक में प्रमोद मिश्रा (जिलाध्यक्ष), विपिन ठाकुर (जिला उपाध्यक्ष), विनीत सक्सेना (मीडिया प्रभारी), महिपाल राजपूत (तहसील सचिव), विजय शाक्य (तहसील उपाध्यक्ष), अनुज कुमार, श्योराज सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
