कन्नौज:(द दस्तक 24 न्यूज़) 13 अगस्त 2025 जनपद कन्नौज में आज पुलिस लाइन स्थित मीटिंग हॉल में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने और आगामी त्यौहारों, तिरंगा यात्रा, जुलूस तथा साइबर क्राइम की रोकथाम को लेकर एक महत्वपूर्ण उच्चस्तरीय गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर पुलिस महानिदेशक, कानपुर जोन श्री आलोक सिंह और पुलिस उप महानिरीक्षक, कानपुर परिक्षेत्र श्री हरीश चन्दर ने की। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक कन्नौज, अपर पुलिस अधीक्षक कन्नौज, सभी क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी और संबंधित शाखा प्रभारी मौजूद रहे।
गोष्ठी में निर्देश दिए गए कि साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए त्वरित और प्रभावी कार्यवाही की जाए। साइबर सेल एवं साइबर थाने में CyTrain पोर्टल के माध्यम से बेसिक रिस्पांडर और इन्वेस्टिगेशन प्रशिक्षण को और अधिक व्यापक बनाया जाए, ताकि पुलिस कर्मियों की तकनीकी दक्षता बढ़ सके। इसके अलावा आरक्षियों के RTC प्रशिक्षण की गुणवत्ता और अनुशासन की समीक्षा करते हुए प्रशिक्षण को और प्रभावी बनाए रखने पर जोर दिया गया। प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे रिक्रूट आरक्षियों के साथ वरिष्ठ अधिकारियों ने संवाद कर उन्हें दिशा-निर्देश भी दिए।
सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाओं की रोकथाम हेतु निगरानी तंत्र को सक्रिय रखने, बढ़ते अपराधों और साइबर क्राइम पर नियंत्रण, महिला सुरक्षा, गश्त बढ़ाने, प्रमुख स्थानों पर सतर्कता बरतने और लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण के निर्देश भी जारी किए गए। यूपी-112 की रिस्पॉन्स टाइम में सुधार, सीसीटीवी प्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने और महिला हेल्प डेस्क को सुदृढ़ करने के लिए भी अधिकारियों ने ठोस रणनीतियां बनाने पर जोर दिया। यह गोष्ठी जनपद में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
