फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 13 अगस्त 2025 राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय कढ़हर की ओर से आज राजेपुर ब्लॉक के बाढ़ ग्रस्त गांव बदनपुर में निःशुल्क होम्योपैथिक चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में चिकित्साधिकारी डॉ. सुरेंद्र सिंह एवं कक्ष सेवक श्री आकाश मसीह के सहयोग से कुल 185 बाढ़ पीड़ित रोगियों (110 पुरुष और 75 महिलाएं) का निःशुल्क इलाज किया गया।
चिकित्सा शिविर में दाद, खाज-खुजली, एक्जिमा, सांस संबंधी रोग, जोड़ों का दर्द, उल्टी, दस्त, बुखार, पेट दर्द आदि से पीड़ित मरीज पाए गए। सभी को रोगानुसार उचित होम्योपैथिक उपचार प्रदान किया गया।
इस अवसर पर ग्रामवासियों को बाढ़ के दौरान पानी उबालकर पीने और व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। साथ ही, बाढ़जनित बीमारियों से बचाव के लिए जरूरी सावधानियों की जानकारी भी दी गई।
गांव के लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए चिकित्सालय टीम का आभार व्यक्त किया।
