फर्रूखाबाद:बाढ़ प्रभावित परिवारों को जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने बांटी राहत सामग्री

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 12 अगस्त 2025 जिले में लगातार हो रही भारी बारिश और गंगा नदी के जलस्तर में वृद्धि के चलते कई क्षेत्रों में बाढ़ का संकट गहरा गया है। प्रशासनिक टीम राहत और बचाव कार्यों में सक्रिय रूप से जुटी हुई है। इसी क्रम में मंगलवार को जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी एवं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने अमृतपुर तहसील क्षेत्र के रामनिवास महाविद्यालय चित्रकोट गांधी पहुँचकर बाढ़ प्रभावित लोगों की सहायता की।

इस दौरान अधिकारियों ने चित्रकोट गाँव के 205 बाढ़ प्रभावित परिवारों को निशुल्क राहत सामग्री वितरित की। राहत किट में आवश्यक खाद्य सामग्री, पीने का पानी, सूखा राशन, दवाइयाँ, बिस्कुट, मोमबत्तियाँ, माचिस, और दैनिक उपयोग की वस्तुएँ शामिल थीं, ताकि प्रभावित परिवार अपनी बुनियादी जरूरतें पूरी कर सकें।

जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि प्रशासन हर संभव सहायता उपलब्ध कराएगा और किसी भी जरूरत पर तुरंत संपर्क करने को कहा। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में समय-समय पर निरीक्षण करते रहें और जरूरतमंदों तक तत्काल राहत पहुँचाएं।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए पुलिस की टीमें लगातार गश्त कर रही हैं और आवश्यकतानुसार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि बाढ़ के समय अनावश्यक रूप से पानी वाले इलाकों में न जाएं और प्रशासनिक टीम के निर्देशों का पालन करें। इस मौके पर उपजिलाधिकारी अमृतपुर सहित तहसील प्रशासन और स्थानीय कर्मचारी मौजूद रहे। प्रशासन का कहना है कि राहत वितरण अभियान आगे भी जारी रहेगा और सभी प्रभावित परिवारों तक सहायता पहुँचाई जाएगी।