फर्रुखाबाद में खरीफ फसलों के नुकसान का होगा सर्वे, संयुक्त टीम गठित।

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 11 अगस्त 2025 जिले में अतिवृष्टि और बाढ़ से खरीफ फसलों को संभावित नुकसान के आकलन के लिए प्रशासन ने संयुक्त टीम का गठन किया है। अपर मुख्य सचिव (कृषि) उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशों के अनुपालन में यह टीम न्याय पंचायत/ग्राम पंचायत स्तर पर सर्वे करेगी।

जारी आदेश के अनुसार, टीम में संबंधित ग्राम के लेखपाल (राजस्व विभाग) को अध्यक्ष, प्राविधिक सहायक (कृषि विभाग) को सदस्य तथा एचडीएफसी एर्गो जनरल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड के प्रतिनिधि को सदस्य नामित किया गया है। यह समिति अपने क्षेत्राधिकार के अंतर्गत सभी बाढ़ प्रभावित ग्रामों में जाकर नुकसान का स्थानीय निरीक्षण करेगी और विस्तृत सर्वे रिपोर्ट तैयार कर उप कृषि निदेशक, फर्रुखाबाद को उपलब्ध कराएगी।

जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने आदेश जारी करते हुए कहा कि सर्वे कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत समय पर राहत दिलाने के प्रयास किए जाएंगे। यह कदम उन किसानों के लिए राहत की उम्मीद है, जिनकी फसलें हालिया बाढ़ और भारी बारिश से प्रभावित हुई हैं।