फर्रुखाबाद (द दस्तक 24 न्यूज़) 11 अगस्त 2025 “हर घर तिरंगा” अभियान के अंतर्गत आज जनपद में एक भव्य और विशाल तिरंगा यात्रा/रैली का आयोजन किया गया। यह रैली फतेहगढ़ स्थित स्वर्गीय ब्रह्मदत्त स्पोर्ट्स स्टेडियम से जिलाधिकारी श्री आशुतोष कुमार द्विवेदी के नेतृत्व में निकाली गई, जिसमें जनपद के विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों के हजारों छात्र-छात्राओं सहित सरकारी विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और सुरक्षा बलों के जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
रैली में राजकीय गर्ल्स इंटर कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज, म्युनिसिपल इंटर कॉलेज, जनता राष्ट्रीय इंटर कॉलेज, रखा बालिका इंटर कॉलेज, सरस्वती विद्या मंदिर, सी.पी. अग्रवाल पब्लिक स्कूल सहित कई शैक्षणिक संस्थानों के छात्र-छात्राएं शामिल हुए। इसके अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारी, अध्यापक-अध्यापिकाएं, स्काउट-गाइड, एनसीसी कैडेट्स, पीआरडी और होमगार्ड के जवान तथा पुलिसकर्मी भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारों से पूरा शहर गूंज उठा। आजादी के अमर सेनानियों को श्रद्धांजलि स्वरूप बैंड की धुन पर मार्च करते हुए बच्चे रैली के सबसे आगे चल रहे थे। रैली के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था को पूरी तरह से नियंत्रित रखा गया। बच्चों की भारी संख्या को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने दो एंबुलेंस भी रैली के साथ तैनात कीं।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक दिनेश कुमार, नगर मजिस्ट्रेट, जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी, परियोजना निदेशक कपिल कुमार, बेसिक शिक्षा अधिकारी अनुपम अवस्थी, जिला विद्यालय निरीक्षक नरेंद्र पाल सिंह, जिला क्रीड़ा अधिकारी कर्मवीर सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
“हर घर तिरंगा” अभियान के तहत यह आयोजन स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर जनमानस में देशभक्ति की भावना को प्रबल करने और राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान के प्रति जागरूकता फैलाने का एक उत्कृष्ट उदाहरण बन गया।
