फर्रुखाबाद:जनपद में भव्य तिरंगा मेला, ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को मिली नई ऊर्जा।

फर्रुखाबाद (द दस्तक 24 न्यूज़) 11 अगस्त 2025 स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत आज ऑफिसर्स क्लब, फतेहगढ़ में एक रंगारंग तिरंगा मेले का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पूरे परिसर में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला, जहां तिरंगे के रंगों में सजी वस्तुएं और स्टॉल लोगों को आकर्षित कर रहे थे।

★जिलाधिकारी ने किया उद्घाटन

कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने मुख्य द्वार पर फीता काटकर किया। इस दौरान स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने रोली, चंदन और फूल वर्षा के साथ जिलाधिकारी का पारंपरिक स्वागत किया।

★तिरंगे थीम पर सजे स्टॉल

मेले में तिरंगे के रंगों से मेल खाते कपड़े, श्रृंगार सामग्री, बैंड, टोपी, बैज, शॉल, झंडे और सजावटी सामान के आकर्षक स्टॉल लगाए गए। स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने खाद्य सामग्री जैसे दाल, दलिया, बेसन, रिफाइंड, फिनायल, हार्पिक, सर्फ, झाड़ू, डस्टर के साथ ही सोलर लाइटिंग उपकरण, पंखे और घरेलू उपयोग की अन्य वस्तुएं प्रदर्शित कीं।

बांके बिहारी, महागौरी, नव ज्योति, दुर्गा एवं आदर्श महिला स्वयं सहायता समूहों ने अपने-अपने उत्पादों के स्टॉल लगाकर मेले में खास पहचान बनाई।

★ODOP के अंतर्गत हस्तशिल्प और वस्त्र

‘एक जिला एक उत्पाद (ODOP)’ योजना के अंतर्गत जरी के वस्त्र, ब्लॉक प्रिंटिंग के सूट, साड़ियां और शॉल जैसे स्थानीय हस्तशिल्प और कपड़ों के स्टॉल भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बने। मेले में आए लोगों ने इन पारंपरिक उत्पादों की जमकर खरीदारी की।

★अधिकारीगण की मौजूदगी

इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अवनीन्द्र कुमार, जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी, परियोजना निदेशक कपिल कुमार, उद्योग विभाग के प्रबंधक जौहरी, सहायक प्रबंधक आजम खान, जिला मिशन मैनेजर (आजीविका मिशन) महेंद्र नामदेव, ब्लॉक मिशन मैनेजर बृजेंद्र कुमार सहित कई प्रशासनिक अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

★मेले में उमड़ी भीड़

दिनभर मेले में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और तिरंगे के रंगों में सजे स्टॉल से सामान खरीदा। कार्यक्रम ने न केवल स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा दिया, बल्कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की भावना को भी जन-जन तक पहुंचाया।