फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 09 अगस्त 2025 रक्षाबंधन का पर्व इस बार भी पूर्व एमएलसी मनोज अग्रवाल के लिए भाई-बहन के अद्वितीय रिश्ते की मिसाल लेकर आया। एक, दो नहीं बल्कि सैकड़ों बहनों ने उन्हें राखी बांधी, जिनमें हिंदू ही नहीं बल्कि बड़ी संख्या में मुस्लिम बहनें भी शामिल रहीं। खास बात यह रही कि राखी बांधने आने वाली हर बहन को अग्रवाल दंपति ने पूरे रस्मों-रिवाज के साथ विदाई दी।
रविवार को गायत्री इंटरनेशनल स्कूल, भोलेपुर में सुबह से ही राखी बांधने वाली बहनों की लंबी कतार लगी रही। जैसे ही मनोज अग्रवाल अपनी पत्नी व नगर पालिकाध्यक्ष वत्सला अग्रवाल के साथ हाल में पहुंचे, बहनों ने उन पर पुष्पवर्षा कर जोरदार स्वागत किया। इसके बाद एक-एक कर सभी बहनों ने उन्हें व उनकी पत्नी को राखी बांधी।
मनोज अग्रवाल ने बताया कि वर्ष 2008 से यह परंपरा जारी है। “रक्षाबंधन का यह आशीर्वाद जीवन भर और मृत्यु के बाद भी बना रहेगा,” उन्होंने कहा। उन्होंने दोनों हाथों में बंधी सैकड़ों राखियां दिखाते हुए बताया कि यह संख्या उनके रिश्तों की गहराई का प्रमाण है।
अग्रवाल दंपति हर साल सामूहिक विवाह का आयोजन भी करते हैं, जिसमें हिंदू और मुस्लिम दोनों समुदाय की शादियां होती हैं—हिंदू लड़कियों की भांवरें और मुस्लिम लड़कियों के निकाह का पूरा खर्चा वे स्वयं उठाते हैं। इन सामूहिक विवाहों में शादी करने वाली बहनें भी रक्षाबंधन पर राखी बांधने आती हैं, जिससे हर साल बहनों की संख्या बढ़ती जा रही है।
इस मौके पर उनके बड़े पुत्र दिव्यांशु अग्रवाल और सारांश अग्रवाल भी मौजूद रहे और कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में सहयोग दिया। पूरे आयोजन में भाई-बहन के रिश्ते की यह अनूठी मिसाल देखने वालों के लिए भावुक कर देने वाली रही।
