फर्रुखाबाद:रक्षाबंधन पर बस स्टैंड पर यात्रियों की भारी भीड़, बसों के इंतजार में दिनभर परेशान रहे लोग।

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 09 अगस्त 2025 रक्षाबंधन के अवसर पर रविवार सुबह से ही फर्रुखाबाद रोडवेज बस स्टैंड पर यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिली। शाहजहांपुर, बदायूं, हरदोई और अन्य जनपदों के लिए जाने वाले यात्री घंटों से बसों का इंतजार करते रहे। यात्रियों का कहना था कि वे सुबह से बस स्टैंड पर बैठे हैं, लेकिन अब तक कोई बस उपलब्ध नहीं हो पाई।

स्टैंड पर खड़ी एक बस खराब पड़ी रही, जिससे यात्रियों की परेशानी और बढ़ गई। उमस भरी गर्मी ने उनकी मुश्किलें और बढ़ा दीं।

नगर मजिस्ट्रेट का दौरा, बसें बढ़ाने के निर्देश

दोपहर करीब 2 बजे नगर मजिस्ट्रेट ने बस स्टैंड का दौरा किया और भीड़भाड़ का जायजा लिया। स्थिति देखकर उन्होंने तुरंत अतिरिक्त बसें चलाने के निर्देश दिए, ताकि यात्रियों को उनके गंतव्य तक समय पर पहुंचाया जा सके।

नगर मजिस्ट्रेट संजय बंसल के पहुंचते ही रोडवेज कर्मचारियों में अफरातफरी मच गई। पुलिस प्रशासन और नगर मजिस्ट्रेट ने संयुक्त रूप से मोर्चा संभालते हुए भीड़ को नियंत्रित किया और व्यवस्था को दुरुस्त किया।

बारिश के पानी से बढ़ी परेशानी

बस स्टैंड के मुख्य गेट पर पानी भरा है। निकासी की कोई व्यवस्था नहीं है यह स्थिति लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों ने इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है। यात्रियों ने इस अव्यवस्था पर नाराजगी जताई।

त्योहार पर विशेष भीड़, 130 बसों का संचालन

रोडवेज विभाग के अनुसार, फर्रुखाबाद बस स्टैंड से सामान्य दिनों में लगभग 130 बसें संचालित होती हैं, लेकिन रक्षाबंधन के दिन यात्रियों की संख्या दोगुनी से भी अधिक हो गई। कई रूटों पर अतिरिक्त बसों की मांग होने के बावजूद समय पर वाहनों की व्यवस्था नहीं हो पाई, जिससे अफरातफरी की स्थिति बन गई।