फर्रुखाबाद:गंगा का बढ़ा जलस्तर, तटवर्ती गांवों में बाढ़ का खतरा, प्रशासन अलर्ट मोड में

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 08 अगस्त 2025 जनपद में गंगा नदी का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है। लगातार बढ़ते पानी से गंगा किनारे बसे गांवों में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है।

शुक्रवार को तहसील सदर के नायब तहसीलदार मनीष वर्मा ने राजस्व विभाग की टीम के साथ बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने विकास खंड कमालगंज के ग्राम जंजाली नगला, खेम रेंगाई और चाचूपुर में पहुंचकर ग्रामीणों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं।

इन गांवों में गंगा नदी तेज कटान कर रही है, जिससे फसलें और घरों को नुकसान पहुंचने की आशंका बनी हुई है। मौके पर कानूनगो अजीत द्विवेदी और लेखपाल अवनीश मिश्रा, अमित प्रताप सिंह, ऋषभ चौधरी सहित राजस्व विभाग की टीम मौजूद रही।

नायब तहसीलदार मनीष वर्मा ने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा, जिला प्रशासन पूरी तरह से सतर्क है और बाढ़ प्रभावित गांवों की हरसंभव मदद की जा रही है। घबराने की जरूरत नहीं है, शासन आपके साथ है।

प्रशासन की ओर से प्रभावित गांवों में राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारी की जा रही है। जरूरत पड़ने पर राहत शिविर भी लगाए जाएंगे।

स्थिति पर नजर:

बाढ़ की स्थिति को देखते हुए प्रशासन लगातार गंगा नदी के जलस्तर पर नजर बनाए हुए है। ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन से तत्काल संपर्क करें।