फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 07 अगस्त 2025 जनपद में हर वर्ष की भांति इस बार भी जाहरवीर गोगा जी महाराज का ऐतिहासिक मेला भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा। मेले की तैयारियों और कानून-व्यवस्था को लेकर जिला अधिकारी सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (ADM) अरुण कुमार सिंह ने की।
बैठक में मेला आयोजन से जुड़े कई नियमों में बदलाव की घोषणा की गई। ADM अरुण कुमार सिंह ने स्पष्ट किया कि इस वर्ष मेले के दौरान केबिल लाइन नहीं काटी जाएगी, जिससे आम जनमानस को अनावश्यक असुविधा से बचाया जा सके। उन्होंने बताया कि शासन का निर्देश है कि विद्युत आपूर्ति बाधित किए बिना, जहां-जहां केबिल लाइन होगी, वहां से निशानों को झुकाकर निकाला जाएगा, और जरूरत पड़ने पर अस्थायी शट डाउन देकर यह कार्य संपन्न किया जाएगा। इस निर्णय पर मेला समिति ने भी सहमति व्यक्त की है।
इस दौरान हिंदू महासभा के जिला अध्यक्ष हरिओम वाल्मीकि ने कहा कि इस वर्ष निशानों की पारंपरिक लंबाई में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा।
बैठक में ADM के साथ-साथ नगर मजिस्ट्रेट संजय बंसल, SDM रजनीकांत पांडेय, सीओ सिटी ऐश्वर्या उपाध्याय, आबकारी अधिकारी सुधीर कुमार, और फतेहगढ़ कोतवाल भी उपस्थित रहे।
वहीं आबकारी विभाग द्वारा यह भी जानकारी दी गई कि मेले के मार्ग में कुछ समय के लिए मदिरा विक्रय को मौखिक रूप से रोका जाएगा, जिससे मेले की गरिमा और शांति व्यवस्था बनी रहे।
जिला प्रशासन द्वारा लिए गए इन फैसलों से स्पष्ट है कि इस वर्ष का जाहरवीर गोगा जी मेला बेहतर सुरक्षा, सुव्यवस्थित प्रबंधन और परंपरा के सम्मान के साथ संपन्न कराया जाएगा।
