कानपुर:मंडलीय ऋण सहकारी आवास समिति लिमिटेड की अध्यक्ष बनीं केतकी कुशवाहा, निर्विरोध हुआ चयन

कानपुर:(द दस्तक 24 न्यूज़) 07 अगस्त 2025 मण्डलीय ऋण सहकारी आवास समिति लिमिटेड, कानपुर मण्डल की प्रबंध कमेटी का चुनाव आज समिति के क्षेत्रीय शाखा कार्यालय, आवास निगम परिसर, नया बाजार चुन्नीगंज, कानपुर नगर में शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक ढंग से सम्पन्न कराया गया। यह चुनाव जिला मजिस्ट्रेट एवं जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा नियुक्त निर्वाचन अधिकारी अनिल कुमार यादव की देखरेख में सम्पन्न हुआ।

इस महत्वपूर्ण निर्वाचन प्रक्रिया में कुशवाहा समाज की जानी-मानी समाजसेविका श्रीमती केतकी कुशवाहा को निर्विरोध सभापति (अध्यक्ष) चुना गया।, वहीं श्रीमती ऊषा दीक्षित को उपाध्यक्ष (उप सभापति) के रूप में निर्विरोध चुना गया। दोनों ही पदाधिकारियों के निर्वाचन पर समिति के सदस्यों ने हर्ष व्यक्त किया और उन्हें शुभकामनाएं दीं।

इसके अतिरिक्त सहकारी आवास एवं निर्माण वित्त निगम लिमिटेड, लखनऊ की ओर से सम्पूर्णानन्द दीक्षित को समिति का प्रतिनिधि घोषित किया गया, जो अब समिति में लखनऊ मुख्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगे।

चुनाव प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संचालित करने में समिति के सचिव जनमेजय सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने संपूर्ण प्रक्रिया की निगरानी करते हुए चुनाव को निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराया।

श्रीमती केतकी कुशवाहा के निर्विरोध चयन पर क्षेत्र में हर्ष का माहौल देखा गया। इस अवसर पर कुशवाहा मौर्य शाक्य सैनी कल्याण एसोसिएशन के राष्ट्रीय सचिव एवं कानपुर मंडल प्रभारी श्री स्वतंत्र कुमार सिंह कुशवाहा ने उन्हें बधाई दी और आशा जताई कि उनके नेतृत्व में समिति और अधिक पारदर्शी, जनोन्मुखी व सशक्त बनेगी।