कन्नौज:(द दस्तक 24 न्यूज़) 06 अगस्त 2025 जनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने मंगलवार को थाना सौरिख क्षेत्र में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने थाना सौरिख के पुलिस बल के साथ प्रमुख चौराहों, तिराहों और बाजार क्षेत्रों में भ्रमण कर जनता से संवाद स्थापित किया और उनकी सुरक्षा को लेकर आश्वस्त किया।
पैदल गश्त के दौरान एसपी विनोद कुमार ने आमजन से बातचीत करते हुए स्थानीय समस्याएं सुनीं और जनता को भरोसा दिलाया कि पुलिस हर परिस्थिति में उनकी सुरक्षा के लिए तत्पर है। उन्होंने यह भी कहा कि शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए हर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
इस दौरान एसपी ने थाना प्रभारी सौरिख को क्षेत्र के प्रमुख व संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा की दृष्टि से और अधिक सीसीटीवी कैमरे लगवाने के निर्देश दिए, ताकि आपराधिक गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा सके और अपराधियों के मन में भय बना रहे। इस पैदल गश्त से आमजनमानस में सुरक्षा को लेकर विश्वास और सशक्त हुआ है। जनता ने पुलिस अधीक्षक के इस कदम की सराहना की और आशा जताई कि पुलिस की ऐसी सक्रियता से क्षेत्र में अमन-चैन कायम रहेगा।
