मैनपुरी:बेवर सड़क हादसे में युवक की दर्दनाक मौत, परिवार में मचा कोहराम।

मैनपुरी:(द दस्तक 24 न्यूज़) 05 अगस्त 2025 जनपद के थाना बेवर क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवक की जान चली गई। ग्राम खांकेतल निवासी अभिषेक शाक्य पुत्र श्री संजीव कुमार शाक्य एक पिकअप वाहन की टक्कर में गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि स्थानीय लोगों द्वारा तत्काल प्राथमिक चिकित्सा दिलवाने के प्रयास के बावजूद अभिषेक की जान नहीं बच सकी। घटना मंगलवार को उस समय हुई जब अभिषेक शाक्य अपनी मोटरसाइकिल से जा रहे थे। तभी बेवर की दिशा से तेज़ रफ्तार में आ रही भैंसों से लदी एक पिकअप ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अभिषेक को सिर और शरीर पर गहरी अंदरूनी चोटें आईं।

स्थानीय लोगों ने मानवीय संवेदना दिखाते हुए अभिषेक को तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही अभिषेक ने दम तोड़ दिया। जैसे ही हादसे की सूचना घर पहुंची, परिजनों में कोहराम मच गया। गांव में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों और परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। दुर्घटना की सूचना पर बेवर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पिकअप चालक हादसे के बाद वाहन सहित मौके से फरार हो गया है, जिसकी तलाश में पुलिस टीमें जुटी हुई हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और दोषी वाहन चालक पर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। यह दुर्घटना एक बार फिर से सड़कों पर बढ़ते वाहनों की लापरवाही और तेज़ रफ्तार के खतरे की ओर इशारा करती है।