फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 04 अगस्त 2025 रक्षाबंधन जैसे पावन पर्व से पहले मिलावटी मिठाइयों की बिक्री पर लगाम कसने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने फर्रुखाबाद जनपद में सघन छापेमारी अभियान चलाया। इस अभियान में विभिन्न मिठाई दुकानों से खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच हेतु संग्रहित किए गए।
यह कार्रवाई आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश लखनऊ के आदेश तथा जिलाधिकारी फर्रुखाबाद के निर्देशों के अनुपालन में की गई। छापेमारी का नेतृत्व सहायक आयुक्त (खाद्य)-II अजीत कुमार के निर्देशन में तथा मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अक्षय प्रधान के नेतृत्व में किया गया। उनके साथ खाद्य सुरक्षा अधिकारी शिवदास सिंह, संजय कुमार सिंह, विनोद कुमार, अरुण कुमार मिश्र और बृज मोहन गुप्ता भी मौजूद रहे।
जिन प्रतिष्ठानों से लिए गए नमूने:
1. सौरभ अग्निहोत्री, घुमना बाजार – बेसन का लड्डू
2. सुरेन्द्र अग्निहोत्री, घुमना बाजार – सोहनपापड़ी
3. कमल दीक्षित (दीक्षित मिष्ठान भंडार), रेलवे रोड – बर्फी
4. मदन अग्निहोत्री, भोलेपुर, फतेहगढ़ – छेना मिठाई
टीम ने कुल चार नमूने संकलित किए, जिन्हें परीक्षण हेतु लैब भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद यदि किसी भी नमूने में मिलावट पाई जाती है, तो संबंधित विक्रेताओं के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम के अंतर्गत विधिक कार्रवाई की जाएगी।
जनहित में अपील:
खाद्य विभाग ने आमजन से अपील की है कि त्योहारों पर मिठाइयों की खरीदारी करते समय ब्रांडेड या भरोसेमंद प्रतिष्ठानों से ही सामान लें और किसी प्रकार की मिलावट की आशंका होने पर तुरंत प्रशासन को सूचित करें।
रक्षाबंधन जैसे पर्वों की मिठास बनाए रखने के लिए मिलावटखोरी के खिलाफ यह सतर्कता जरूरी है।
