कन्नौज:(द दस्तक 24 न्यूज़) 03 अगस्त 2025 श्रावण मास के पावन अवसर पर जारी कावड़ यात्रा के सुचारु संचालन एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री एवं पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने आज मेहंदी घाट का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने घाट पर श्रद्धालुओं के स्नान की व्यवस्थाओं, मार्ग डायवर्जन, पार्किंग स्थलों एवं सुरक्षा इंतजामों का विस्तारपूर्वक जायजा लिया। जिलाधिकारी एवं एसपी ने घाट पर बने सीसीटीवी कंट्रोल रूम का अवलोकन करते हुए कैमरों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की तथा रियल-टाइम निगरानी की व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोपरि मानते हुए घाट क्षेत्र को सेक्टरवार विभाजित कर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, फ्लड पीएसी एवं स्थानीय गोताखोरों की तैनाती की गई है। इसके अतिरिक्त ‘खोया-पाया केंद्र’ की स्थापना भी की गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तीर्थयात्रियों को तत्काल सहायता मिल सके।
सुरक्षा व्यवस्था को आधुनिक तकनीक से सुसज्जित करते हुए संपूर्ण क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों एवं ड्रोन के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जा रही है। साथ ही, यात्रियों के लिए ठहरने के स्थान, चिकित्सा शिविर, पीने के पानी की उपलब्धता एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की भी व्यापक व्यवस्था की गई है।
यात्रा मार्गों पर भारी वाहनों के प्रवेश को पूर्णतः प्रतिबंधित किया गया है, जिससे तीर्थयात्रियों को निर्बाध रूप से आवागमन की सुविधा प्राप्त हो सके। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी परिस्थिति में किसी श्रद्धालु को असुविधा न हो और सभी व्यवस्थाएं सुलभ व सशक्त रूप से संचालित हों।
इस निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार सहित अन्य प्रशासनिक व पुलिस अधिकारीगण भी उपस्थित रहे।
