जौनपुर : सपा सुप्रीमो के निर्देश पर जोगियापुर में लगी पीडीए पाठशाला वही दूसरी तरफ विद्यालयों के अवैध संचालन पर खंड शिक्षा अधिकारी की सख्त कार्यवाही 

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर स्कूल मर्जर नीति के खिलाफ पीडीए पाठशाला का आयोजन उषा जायसवाल प्रदेश सचिव समाजवादी महिला सभा द्वारा नगर के जोगियापुर में स्थित शिव गोपाल घाट पर किया गया। पीडीए पाठशाला का शुभारम्भ समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष राकेश मौर्या ने किया जहां बच्चों को पठन-पाठन की सामग्री वितरित की गयी। उक्त कार्यक्रम का शुभारम्भ करते हुये राकेश मौर्य ने कहा कि आज सरकार पठन-पाठन की माहौल को बिगाड़ना चाहती है और सरकार स्कूल की जगह मंत्रालय को प्राथमिकता दे रही है। कम्पोजिट स्कूलों को बन्द करके कम्पोजिट शराब की दुकान खोली जा रही है। सरकार हर उस तरह के प्रयास कर रही है जिससे आम आदमी शिक्षा से वंचित रहे, ताकि आम आदमी महंगाई एवं बेरोजगारी गिरती अर्थव्यवस्था सरकार में व्याप्त भ्रष्टाचार संविधान के साथ छेड़छाड़ जैसे मुद्दों पर सवाल न पूछ सके। इसी की एक कड़ी उत्तर प्रदेश सरकार की स्कूल मर्जर नीति है जिसे हम सभी समाजवादी साथी पाठशाला खोलकर कर रहे हैं। इस अवसर पर सुशील यादव, पूनम यादव, नम्रता सिंह, रेखा सिंह, मंजय कनौजिया, गुलाब यादव सहित तमाम लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन शिवांगी यादव ने किया। कार्यक्रम की आयोजिका उषा जायसवाल ने समस्त आगंतुकों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।

दूसरी तरफ जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डा0 गोरखनाथ पटेल के नेतृत्व में खंड शिक्षा अधिकारी करंजाकला श्रवण कुमार यादव द्वारा मान्यता से अधिक कक्षाओं का अवैध रूप से संचालन करने पर दो शिक्षण संस्थाओं पर कार्रवाई की है।  “माँ शीतला गुरुकुल, नेवादा ईश्वरी सिंह“ को केवल कक्षा 5 तक की मान्यता प्राप्त थी, जबकि विद्यालय में कक्षा 12 तक पठन-पाठन कार्य अवैध रूप से संचालित किया जा रहा था। जांचोपरांत उच्च कक्षाओं का संचालन तत्काल प्रभाव से बंद कराया गया। इसी क्रम में “शिवशक्ति पब्लिक स्कूल“, जिसे केवल कक्षा 6 से 8 तक संचालन की अनुमति थी, को भी मान्यता की सीमा से अधिक गतिविधियों के चलते बंद करा दिया गया है। खंड शिक्षा अधिकारी ने स्पष्ट रूप से निर्देशत किया है कि शिक्षा विभाग द्वारा मान्यता की शर्तों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि यदि कोई अन्य विद्यालय भी इसी प्रकार का अवैध संचालन करता पाया गया, तो उसके विरुद्ध भी कठोर कार्यवाही की जाएगी।
                                                     —-